शहडोल, 06 अक्टूबर।
ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोठिया में 2 अक्टूबर को बेटे सिंघराज सिंह गोंड की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद फरार 55 वर्षीय नंदकुमार सिंह गोंड का शव मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर मिला। हत्या के बाद से पुलिस उसकी तलाश में आसपास के जंगलों में लगातार सर्चिंग कर रही थी। मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और रेलवे कर्मचारियों की मदद से शव की पहचान नंदकुमार के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी में उसके ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी मिलने की भी जानकारी है।
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर को नंदकुमार का किसी मामूली बात को लेकर अपने बेटे सिंघराज से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद नंदकुमार जंगल की ओर भाग गया था और पांच दिनों तक पुलिस उसकी तलाश करती रही। इस दौरान उसका एक ऑडियो भी सामने आया, जिसमें कथित तौर पर उसने अपने भांजे से फोन पर घटना को लेकर अफसोस जताया और कहा कि उसे खुद समझ नहीं आ रहा कि उसने ऐसा कैसे कर दिया। बातचीत के बाद उसने मोबाइल बंद कर लिया था। अब रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने के बाद पुलिस हत्या और उसकी मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।














