मैहर, 06 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक नगरी मैहर ने अपने गौरव दिवस के पावन अवसर पर एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। शहर के मुख्य फुटबॉल ग्राउंड पर सोमवार को आयोजित एक भव्य और अनुशासित समारोह में विभिन्न स्कूलों के 3,430 छात्र-छात्राओं ने एक ही लय और ताल पर लगातार 9 मिनट 34 सेकंड तक सामूहिक कथक नृत्य की अनूठी प्रस्तुति दी। इस विशाल कला प्रदर्शन को देखने के लिए मैदान में मौजूद हजारों दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी मानकों का बारीकी से मूल्यांकन किया और इस अभूतपूर्व उपलब्धि को आधिकारिक रूप से अपने रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया।
सफल मूल्यांकन के उपरांत एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अधिकारी बीके जैन ने मंच से इस ऐतिहासिक उपलब्धि की घोषणा करते हुए बताया कि पूर्व में 1,400 विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक कथक का रिकॉर्ड बनाया गया था, जिसे मैहर के इन बच्चों ने पीछे छोड़ दिया है। इसके बाद रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र मैहर जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह, स्थानीय विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह को संयुक्त रूप से सौंपा गया। इस भव्य आयोजन के समापन पर एक विशाल गंगा आरती का भी भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षकों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लेकर इस सांस्कृतिक उत्सव को ऐतिहासिक बना दिया।














