उज्जैन, 06 अक्टूबर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं अखिल भारतीय कार्यकारिणी के आमंत्रित सदस्य विनोद कुमार का मंगलवार सुबह लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने आश्विन शुक्ल एकादशी के दिन करीब आठ बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन से संघ परिवार और स्वयंसेवकों में शोक व्याप्त है। उन्होंने राष्ट्र और समाज सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाकर संघ कार्य के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विनोद कुमार ने संगठन में महाकौशल प्रांत के प्रांत प्रचारक, मध्य क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक और अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख सहित कई जिम्मेदारियां संभालीं। बाद में वे अखिल भारतीय कार्यकारिणी के आमंत्रित सदस्य बने। प्रचार विभाग को नई दिशा देने में उनके योगदान को भी विशेष रूप से याद किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं के बीच उनका सरल और आत्मीय व्यवहार विशेष पहचान बना। संघ के अनुसार उनका अनुशासन, समर्पण और विपरीत परिस्थितियों में कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणा रही।
उनका पार्थिव शरीर बुधवार सुबह सात बजे आराधना संघ कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। सुबह नौ बजे अंतिम यात्रा शुरू होकर निर्धारित मार्ग से चक्रतीर्थ पहुंचेगी, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। संघ परिवार ने उनके निधन को संगठन के लिए बड़ी क्षति बताया है।














