धर्मशाला, 06 अक्टूबर।
पुलिस जिला नूरपुर में वन संपदा के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान कंडवाल बैरियर पर एक ट्रक से 270 टीन विरोजा बरामद किया गया। प्रत्येक टीन की क्षमता 15 लीटर है। पुलिस टीम कंडवाल चौकी क्षेत्र में नाकाबंदी और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान जसूर की ओर से आ रहे ट्रक नंबर एचपी38बी-6400 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में पीले रंग की तिरपाल के नीचे लोहे के टीन रखे मिले, जिनमें विरोजा भरा हुआ था। चालक से इसके परिवहन से संबंधित वैध परमिट या अधिकार पत्र मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग के रेंज अधिकारी और वन रक्षक की मौजूदगी में टीनों को ट्रक से उतारकर उनकी गिनती की गई। वन विभाग ने भी बरामद सामग्री की पहचान विरोजा के रूप में की।
पुलिस ने विरोजा से भरे सभी 270 टीन और ट्रक को जब्त कर चालक करण मन्हास पुत्र चूड़ सिंह मन्हास, निवासी गांव एवं डाकघर वेही पठियार, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस थाना नूरपुर में इंडियन फॉरेस्ट एक्ट, 1927 की धारा 41 और 42 तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद वन उपज के अवैध परिवहन से जुड़े मामले की आगे जांच की जा रही है।













