प्रयागराज, 06 अक्टूबर।
झूंसी थाना क्षेत्र में गंगा किनारे मंगलवार को एक 17 वर्षीय किशोर का शव नाले में झाड़ियों के पास मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कोहना बस्ती निवासी दीपक दुबे के बेटे शांतनु दुबे के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, शांतनु सोमवार रात अचानक लापता हो गया था और इसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी। मंगलवार को उसका शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। परिवार की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों ने किशोर की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
पुलिस ने घटना की तह तक पहुंचने के लिए तीन टीमें गठित की हैं। टीमें घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला हत्या से जुड़ा होने की आशंका है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान होने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














