भोपाल, 06 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में मंगलवार को आचार्यश्री 1008 समयसागर महाराज के संघ सानिध्य में सामूहिक क्षमावाणी महोत्सव आयोजित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि जैन धर्म अहिंसा और मानव कल्याण का संदेश देता है। प्रत्येक जीव की रक्षा और उसके प्रति करुणा का भाव समाज में विकसित होना चाहिए।
तोमर ने आचार्यश्री के आशीर्वाद से लोगों में सकारात्मक सोच, देशभक्ति और संस्कार मजबूत होने की कामना की। उन्होंने कहा कि इन भावनाओं के साथ सभी देश की प्रगति के लिए मिलकर काम कर सकते हैं।
कार्यक्रम में आचार्यश्री समयसागर महाराज, संतगण, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री चैतन्य कश्यप, विधायक जयंत मलैया, प्रदेश भाजपा महामंत्री राहुल कोठारी सहित विधायक, जैन समाज के प्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे। शुरुआत में विधानसभा अध्यक्ष ने आचार्यश्री की अगवानी कर अपने कक्ष में उनका आशीर्वाद लिया।
तोमर ने कहा कि भिंड-मुरैना को केवल डकैतों के संदर्भ में देखना उचित नहीं है। इन क्षेत्रों में प्राचीन जैन तीर्थों की समृद्ध परंपरा है। उन्होंने बरासों जी, सिहोनिया और दतिया के सोनागिरि तीर्थ का उल्लेख किया। ग्वालियर में भी जैन समाज की मजबूत उपस्थिति और ऐतिहासिक धरोहरों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि विधानसभा परिसर में पहले आचार्य विद्यासागर महाराज के चरण पड़े थे और अब आचार्य समयसागर महाराज का आशीर्वाद मिला है। इसे उन्होंने अपने लिए आध्यात्मिक आनंद और सौभाग्य का अवसर बताया।














