मंदसौर, 06 अक्टूबर।
उत्कृष्ट स्कूल के खेल मैदान में मंगलवार को 70वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज हुआ। बालक 14 वर्ष वर्ग की इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
समारोह में सांसद सुधीर गुप्ता मुख्य अतिथि रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, लोक शिक्षण भोपाल के पर्यवेक्षक देवेंद्र बाथम और जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट मौजूद रहे। जिला क्रीड़ा अधिकारी घासीलाल जोगचंद ने अतिथियों का स्वागत किया।
महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता संयोजक केसी सोलंकी ने आयोजन की व्यवस्थाओं और विभिन्न समितियों की जानकारी दी। राष्ट्रीय खिलाड़ी राम पाटीदार ने प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ खेलने की शपथ दिलाई।
सांसद सुधीर गुप्ता ने स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों को खेलों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। जिला पंचायत अध्यक्ष ने मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद किया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता के शुरुआती लीग मुकाबलों में उज्जैन संभाग ने रीवा को 13-0 से शिकस्त दी, जबकि जबलपुर संभाग ने इंदौर संभाग को 1-0 से हराया। शुभारंभ अवसर पर टीमों ने मार्च पास्ट भी किया।














