नई दिल्ली, 06 अक्टूबर।
रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के युद्धपोतों के लिए ब्रह्मोस फायर कंट्रोल सिस्टम और लॉन्चरों की खरीद को लेकर ब्रह्मोस एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड के साथ 661.50 करोड़ रुपये का अनुबंध किया है। यह करार ‘बाय (इंडियन-आईडीडीएम)’ श्रेणी के तहत रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हुआ। परियोजना में कम से कम 68 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री का प्रावधान है, जिससे देश की रक्षा उत्पादन क्षमता को बढ़ावा मिलने के साथ भारतीय उद्योगों, विशेषकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की भागीदारी बढ़ेगी। मंत्रालय के अनुसार, परियोजना से अगले तीन वर्षों के दौरान रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इस खरीद का उद्देश्य देश की समुद्री सुरक्षा व्यवस्था और रक्षा क्षमताओं को और मजबूत करना तथा सैन्य तकनीक के स्वदेशीकरण को गति देना है।
ब्रह्मोस प्रणाली भारतीय नौसेना के कई अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों पर पहले से तैनात है और समुद्री हमले के अभियानों के लिए नौसेना की प्रमुख सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल प्रणाली है। यह प्रणाली सुपरसोनिक गति से लंबी दूरी तक जमीन और समुद्र स्थित लक्ष्यों को सटीकता के साथ निशाना बनाने में सक्षम है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, नए अनुबंध से नौसेना की परिचालन क्षमता को मजबूती मिलेगी और स्वदेशी रक्षा तकनीक तथा घरेलू विनिर्माण को आगे बढ़ाने के प्रयासों को भी बल मिलेगा।














