रायगढ़, 7 अक्टूबर।
पुसौर थाना क्षेत्र के जकेला गांव में डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर का अपहरण कर चाकू की नोक पर करीब एक लाख रुपये ऑनलाइन स्थानांतरित कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को हिरासत में लिया है और स्थानांतरित रकम को सुरक्षित करा लिया है।
जानकारी के अनुसार 5 अक्टूबर की शाम प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता गांव में टहलने निकले थे। इसी दौरान दो लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और आंखों पर पट्टी बांधकर मोटरसाइकिल से पंडरीपानी ले गए। आरोपितों ने मारपीट कर मोबाइल और यूपीआई से जुड़े पासवर्ड की जानकारी हासिल की। इसके बाद एक महिला के खाते में करीब एक लाख रुपये स्थानांतरित कराए गए।
पीड़ित को एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया था। परिजनों को घटना का संदेह होने पर उन्होंने लोकेशन का पता लगाया और पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों के आने की भनक लगते ही आरोपित भाग निकले। सूचना मिलने पर पुसौर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रोफेसर को सकुशल मुक्त कराया।
पुलिस ने रातभर तलाश के बाद जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अन्य साथियों के साथ वारदात की योजना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने रकम जिस महिला के खाते में भेजी गई थी, उससे संपर्क कर पूरी राशि सुरक्षित करा ली है। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।














