जयपुर, 7 अक्टूबर।
राजस्थान में वांछित अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने एक दिन का विशेष क्षेत्र वर्चस्व अभियान चलाया। प्रदेशभर में 2,961 पुलिस टीमों के 12,151 अधिकारियों और जवानों ने 17,049 चिह्नित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान कुल 7,744 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान में 55 इनामी अपराधी और 354 हार्डकोर अपराधी, सक्रिय हिस्ट्रीशीटर व मादक पदार्थ तस्कर पकड़े गए। हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों में वांछित 95 आरोपित भी गिरफ्तार हुए। हथियार और मादक पदार्थ संबंधी मामलों में 141 तथा आबकारी अधिनियम के तहत 173 आरोपित पकड़े गए।
पुलिस ने 922 स्थायी वारंटी और उद्घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान 787 नए मामले दर्ज किए गए। निरोधात्मक कार्रवाई के तहत 3,283 लोगों और अन्य मामलों में 1,756 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
जिलेवार कार्रवाई में टोंक सबसे आगे रहा, जहां 97 टीमों ने 363 ठिकानों पर दबिश देकर 407 अपराधियों को पकड़ा। उदयपुर में 354, भीलवाड़ा में 330 और अजमेर में 280 गिरफ्तारियां हुईं। जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों में भी 809 और जोधपुर के विभिन्न क्षेत्रों में 285 आरोपित पकड़े गए। पुलिस ने बताया कि प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।














