अमेठी, 7 अक्टूबर।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पालपुर स्थित एएच इंटर कॉलेज के पास एक 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती का शव बुधवार शाम ससुराल के कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान नाजरीन के रूप में हुई है। उसने करीब एक वर्ष पहले हमजा से प्रेम विवाह किया था।
बताया गया कि हमजा पहले दिल्ली में रहता था। पिता की नाराजगी के बाद वह दिल्ली से वापस आ गया था। इसके बाद वह परिवार और गांव से अलग होकर जगदीशपुर में किराए के मकान में पत्नी के साथ रहने लगा। बुधवार शाम नाजरीन ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और फंदा लगा लिया।
घटना की सूचना मिलने पर पीआरबी 112 की टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर युवती को बाहर निकाला गया। इसके बाद जगदीशपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार नाजरीन का मायका अंबेडकर नगर में है और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजन अमेठी पहुंच रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।














