जबलपुर, 7 अक्टूबर।
फसल का भुगतान लंबे समय से नहीं मिलने से मझौली तहसील क्षेत्र के सैकड़ों किसानों का गुस्सा बुधवार को सड़क पर नजर आया। करीब 200 से 250 किसान ट्रैक्टरों के काफिले के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी मांग रखने निकले। पुलिस ने उन्हें दीनदयाल चौक पर रोक दिया।
किसानों के पहुंचने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया। बड़ी संख्या में ट्रैक्टर सड़क पर खड़े होने से यातायात भी प्रभावित हुआ। प्रशासन ने पूरे काफिले को आगे जाने की अनुमति नहीं दी और केवल पांच ट्रैक्टरों को आगे बढ़ने दिया। इसके बाद किसान प्रतिनिधियों को अधिकारियों से मिलने और ज्ञापन देने के लिए भेजा गया।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि मूंग की सरकारी खरीद का भुगतान करीब चार साल से अटका है। धान और गेहूं की राशि भी कई महीनों से लंबित है। भुगतान नहीं मिलने से खाद-बीज, बच्चों की फीस और घरेलू जरूरतों के लिए उन्हें कर्ज लेना पड़ रहा है।
किसानों ने लंबित भुगतान तत्काल जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।














