ग्वालियर, 7 अक्टूबर।
ग्वालियर में बुधवार को कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। जनप्रतिनिधियों और उपस्थित नागरिकों ने उनका संबोधन सुना तथा सेवा के संकल्प को अपनाने की शपथ ली।
कार्यक्रम के बाद जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए सेवा ज्योति संकल्प यात्रा रवाना की गई। जनप्रतिनिधियों ने ज्योति प्रज्ज्वलित कर यात्राओं को रवाना किया। समारोह में सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
सभा की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ हुई। इस दौरान देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। प्रधानमंत्री ने देशभर की यात्राओं से जुड़े लोगों को संबोधित करते हुए जनसेवा को राष्ट्रहित में सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उपस्थित लोगों को संकल्प पत्र भी दिए गए।
समापन पर मशाल प्रज्ज्वलित कर सभी रथों को संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। यात्राएं प्रमुख स्थानों से होकर गुजरीं और लोगों ने उत्साह से भाग लिया।
कार्यक्रम में जिला विकास पुस्तिका भी वितरित की गई, जिसमें जिले के विकास, नवाचार और सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी शामिल है।














