भोपाल, 7 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश की पर्यटन क्षमता को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट-2026 का सातवां संस्करण आज कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में शुरू होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसका शुभारंभ करेंगे। आयोजन में 34 से अधिक देशों के 100 से ज्यादा विदेशी प्रतिनिधि और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे।
राज्य में वर्ष 2025 के दौरान पर्यटकों की संख्या में 57 प्रतिशत वृद्धि दर्ज हुई और कुल संख्या 21.05 करोड़ पहुंची। इस आयोजन के जरिए पर्यटन विकास, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। चार दिवसीय आयोजन में 10 हजार से अधिक व्यापारिक बैठकें प्रस्तावित हैं, जिनमें 355 स्थानीय पर्यटन हितधारक शामिल होंगे।
आयोजन के दौरान 1100 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव और अनुबंध अंतिम रूप लेने की स्थिति में हैं। इनमें 14 पर्यटन परियोजनाओं के लिए 252 करोड़ रुपये के निवेश पत्र शामिल हैं। सीहोर के रामगढ़ में 848.40 करोड़ रुपये के मेगा पर्यटन निवेश समझौते के तहत गोल्फ कोर्स, विला, होटल और स्वास्थ्य रिसार्ट विकसित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पर्यटन, वन्यजीव, संस्कृति और स्थानीय व्यंजनों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन के बाद 200 से अधिक विशेषज्ञों के लिए 16 विशेष पर्यटन भ्रमण भी प्रस्तावित हैं।














