अपराध
16 Apr, 2026

झांसी में मणिपुरी युवती की संदिग्ध मौत, गुपचुप दफनाने की कोशिश से मचा हड़कंप

झांसी में मणिपुरी युवती की संदिग्ध मौत के बाद बिना सूचना शव दफनाने की कोशिश से मामला गंभीर हो गया और पुलिस जांच में कई सवाल खड़े हो गए।

झांसी, 16 अप्रैल।

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में नवाबाद थाना क्षेत्र के बीआईसी कॉलेज के पास एक मणिपुरी युवती की संदिग्ध हालात में हुई मौत ने सनसनी फैला दी। मामला तब और गंभीर हो गया जब बिना पुलिस को जानकारी दिए शव को दफनाने का प्रयास किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान टेरेसा उर्फ सिम्मी के रूप में हुई, जो सीपरी बाजार क्षेत्र के नंदनपुरा स्थित एक स्पा सेंटर में कार्यरत थी। वह नवाबाद क्षेत्र में अपनी सहकर्मी जोया के घर पेइंग गेस्ट के रूप में रह रही थी। बताया गया कि दोनों की पहचान कुछ महीने पहले हुई थी और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण जोया ने उसे अपने घर में रहने की अनुमति दी थी। जोया के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से सिम्मी बीमार चल रही थी और उसने उसके पति को इसकी सूचना भी दी थी, लेकिन वह आर्थिक कारणों से नहीं आ सका।

घटना के बाद सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि मौत के बाद न तो पुलिस को सूचना दी गई और न ही चिकित्सकीय पुष्टि कराई गई। इसके बजाय शव को दफनाने के लिए कब्रिस्तान ले जाया गया। पहले कानपुर चुंगी और फिर जीवनशाह कब्रिस्तान ले जाया गया, लेकिन आवश्यक दस्तावेज नहीं होने और मृतका के ईसाई होने की जानकारी मिलने पर प्रबंधन ने दफनाने से मना कर दिया।

इस बीच मृतका का पति अपने मित्र के साथ दिल्ली से झांसी पहुंचा और पूरे घटनाक्रम पर गंभीर सवाल उठाए। आरोप लगाया गया कि बिना अनुमति के शव को दफनाने की कोशिश की गई और पुलिस को जानकारी भी नहीं दी गई। साथ ही मृतका का मोबाइल फोन सहकर्मी के पास होने की बात भी सामने आई है।

दूसरी ओर, जोया के भाई ने दावा किया कि वह सिम्मी के साथ लिव-इन में रह रहा था और उसे उसकी शादी की जानकारी नहीं थी। उसने यह भी कहा कि सिम्मी टीबी से पीड़ित थी और शराब का सेवन करती थी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

21° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़