बैतूल, 11 मई।
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में डायल-112 की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते रास्ता भटक गए दो मासूम बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिला दिया गया। समय पर की गई कार्रवाई से दोनों बच्चों को सुरक्षित संरक्षण मिला और परिवार की चिंता समाप्त हो गई।
जानकारी के अनुसार थाना सारणी क्षेत्र के हरिफाटक के पास दो छोटे बच्चे अकेले पाए गए थे, जो अपने घर का रास्ता भटक गए थे। इसकी सूचना मिलने पर राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एफआरव्ही वाहन को मौके पर भेजा।
मौके पर पहुंची डायल-112 टीम ने दोनों बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। पूछताछ में बच्चों की उम्र लगभग 6 वर्ष और 4 वर्ष बताई गई, जो परिजनों से बिछड़ गए थे। इसके बाद टीम ने आसपास के क्षेत्र में बच्चों के परिजनों की तलाश शुरू की और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई।
लगातार प्रयासों के बाद परिजनों के परिचितों से संपर्क स्थापित हुआ, जिसके आधार पर बच्चों को उनके घर पहुंचाया गया। वहां पहचान और सत्यापन के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
अपने बच्चों को सकुशल देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली और डायल-112 सेवा की तत्परता व मानवीय प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।



.jpg)






