इंफाल, 18 मार्च।
मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बीते 24 घंटों में पुलिस और सुरक्षा बलों ने राज्य के विभिन्न हिस्सों से तीन उग्रवादी संगठनों के तीन कैडरों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से कई तरह की सामग्री बरामद की है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय ने बताया कि मंगलवार को सुरक्षा बलों ने काकचिंग ज़िले के सुगनू थानांतर्गत सिंगटॉम इलाके से प्रतिबंधित संगठन आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर एलांगबम अबिनाश उर्फ राकेश (21) को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से काकचिंग जिला के हियांगलाम माखा लेइकाई का रहने वाला है।
इसी दिन दूसरे अभियान में इंफाल पूर्वी ज़िले के इरिलबुंग थानांतर्गत इरिलबुंग हाई स्कूल, बामोन कांपू के पास से प्रतिबंधित संगठन केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के सक्रिय कैडर मुतुम रंजन सिंह उर्फ मंगल (46) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फ़ोन और एक स्कूटर बरामद किया गया।
तीसरे अभियान में सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिमी ज़िले के सिंगजामेई थानांतर्गत कांचीपुर इलाके से प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक (प्रो) के सक्रिय कैडर ताओरेम अरुणकुमार सिंह (32) को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फ़ोन और आधार कार्ड भी बरामद किया गया।
राज्य के संवेदनशील जिलों के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बल तलाशी अभियान और क्षेत्र पर नियंत्रण बनाए हुए हैं, जिसके दौरान कई हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार के अभियान में राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक सामान ले जाने वाले 326 वाहनों की आवाजाही सुरक्षित की गई। संवेदनशील स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई और वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा काफिला तैनात किया गया।
मणिपुर के अलग-अलग ज़िलों में पहाड़ों और घाटियों में कुल 114 नाके और चेक पॉइंट लगाए गए, हालांकि किसी को हिरासत में नहीं लिया गया।












