धार, 05 मई।
मध्य प्रदेश के धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें बोरवेल मशीन की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों मजदूर बोरवेल मशीन के नीचे सो रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
घटना ग्राम गवला में करीब सुबह चार बजे हुई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गवला निवासी सुभाष चौहान और रुदन सिंह सोलंकी के खेत पर बोरवेल का काम चल रहा था। रातभर काम करने के बाद थके हुए मजदूर मशीन से जुड़े वाहन के नीचे आराम करने के लिए सो गए थे। इसी दौरान चालक ने लापरवाही से ट्रक को रिवर्स कर दिया और पीछे का पहिया मजदूरों पर चढ़ गया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रामचरण (56), निवासी खरधाढ़ी (छत्तीसगढ़), भानुप्रताप (19), निवासी सोनगेरसा (छत्तीसगढ़) और अरविंद (22), निवासी करमापारा (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
फरियादी रमेश इक्का की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा चालक की लापरवाही के कारण हुआ, क्योंकि अंधेरे में बिना सावधानी वाहन को पीछे ले लिया गया।
पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।



.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)