मैहर, 19 मई।
मध्यप्रदेश के मैहर जिले में मां शारदा देवी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कटनी जिले के रीठी क्षेत्र निवासी लोधी परिवार अपने परिचितों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रा कर रहा था। ट्रॉली अमदरा थाना क्षेत्र के सुरमा मोड़ के पास पहुंची थी, तभी पीछे से आ रहे भारी ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक चालक पहली टक्कर के बाद नहीं रुका और ट्रॉली को दो और बार टक्कर मारते हुए अनियंत्रित कर दिया। इसके बाद ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई और श्रद्धालु सड़क पर बिखर गए।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत राहत कार्य में जुट गए। ट्रॉली के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला गया, इसी दौरान एक स्थानीय युवक की भी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारकर मौके पर ही मौत कर दी। ट्रॉली में सवार एक पुरुष श्रद्धालु की घटनास्थल पर मौत हुई, वहीं गंभीर रूप से घायल महिला रजनी लोधी की रास्ते में अस्पताल जाते समय मौत हो गई।
सूचना मिलते ही अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। इसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रक ने थाना प्रभारी को भी टक्कर मार दी, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जबलपुर रेफर किया गया।
घायलों को NHAI और 108 एंबुलेंस की मदद से कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार 20 से अधिक घायलों का उपचार जारी है, जिनमें से 12 गंभीर घायलों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों की भारी भीड़ जमा रही।






.jpg)







