जबलपुर, 22 मई ।
मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में आरोपित पति समर्थ सिंह को जबलपुर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बताया गया कि शुक्रवार शाम वह जिला न्यायालय में आत्मसमर्पण के उद्देश्य से पहुंचा था। मामले की पुष्टि भोपाल पुलिस की ओर से की गई है।
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से समर्थ सिंह फरार चल रहा था। शुक्रवार को जैसे ही वह जिला न्यायालय परिसर पहुंचा, वहां मौजूद मीडिया कर्मियों ने उसे घेर लिया। पत्रकारों के सवालों के बीच समर्थ ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। पहचान छिपाने के लिए उसने चेहरे पर मास्क और आंखों पर काला चश्मा लगाया हुआ था। इसी दौरान पुलिस ने हलचल के बीच उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने समर्थ की पहचान गोपनीय रखने के लिए उसके कपड़े भी बदलवाए। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस उसे अपने साथ लेकर भोपाल के लिए रवाना हो गई। घटनाक्रम के दौरान न्यायालय परिसर में काफी हलचल का माहौल बना रहा।
उधर, ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने दावा किया कि समर्थ सिंह जिला एवं सत्र न्यायाधीश की कोर्टरूम नंबर-32 में मास्क लगाकर बैठा हुआ था। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि उसे वहां बैठने की अनुमति किस आधार पर दी गई।
बताया गया कि आत्मसमर्पण से पहले समर्थ सिंह ने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन उसे राहत नहीं मिली। बाद में याचिका वापस लिए जाने के उपरांत जस्टिस अवनींद्र कुमार सिंह की वेकेशन बेंच ने मामले को खारिज कर दिया।






.jpg)






