मीरजापुर, 30 अप्रैल।
थाना अहरौरा क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो अंतरजनपदीय गौ-तस्करों को घायल अवस्था में पकड़ते हुए 45 गोवंश बरामद किए हैं, साथ ही मौके से दो देशी कट्टा और कारतूस भी जब्त किए गए।
पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के निर्देशन में यह कार्रवाई 29 अप्रैल की देर रात मिली सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि गोवंश को पैदल जंगल मार्ग से चंदौली होते हुए बिहार ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने बैजू बाबा तपस्थली मार्ग के दक्षिणी जंगल क्षेत्र स्थित भलदरिया के हिनौता छातों के पास घेराबंदी की।

घेराबंदी के दौरान पुलिस को देखकर तस्करों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में दो आरोपितों के पैरों में गोली लग गई और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान चंदौली जनपद के रामबच्चन यादव और रामप्रकाश यादव के रूप में हुई है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि मौके से 45 गोवंश, दो देशी कट्टा, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस संबंध में थाना अहरौरा में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी की टीम शामिल रही, जिन्होंने संयुक्त रूप से अभियान को अंजाम दिया।





.jpg)





