सुपौल, 09 मई।
नगर पंचायत सिमराही के रामनगर रोड इलाके में मोबाइल छीनने का विरोध करना दो युवकों को भारी पड़ गया, जहां बदमाशों ने विरोध करने पर दोनों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और एक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना राघोपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हमले के बाद दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान सिमराही वार्ड संख्या एक निवासी मो जफिर आलम के उन्नीस वर्षीय पुत्र मो जावेद और फिरोज खान के बाईस वर्षीय पुत्र अरवाज खान के रूप में की गई है।
मो जावेद ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ रामनगर रोड स्थित एक दुकान पर सामान खरीद रहा था, तभी दो युवक पहुंचे और उसका मोबाइल छीनने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर हमलावरों ने उस पर चाकू से वार कर दिया।
अरवाज खान ने बताया कि वह भी उसी समय वहां मौजूद था और घटना का विरोध करने पर उसे भी बदमाशों ने चाकू मारकर घायल कर दिया।
घटना के बाद दोनों को राघोपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मो जावेद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र भेज दिया।
अस्पताल में मौजूद चिकित्सक ने बताया कि एक युवक की हालत नाजुक है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।



.jpg)








