मुंबई, 29 अप्रैल।
अभिनेत्री उल्का गुप्ता की आगामी हिंदी फिल्म ‘रजनी की बारात’ का पहला पोस्टर जारी होते ही चर्चा में आ गया है, जिसने रिलीज के साथ ही दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। पोस्टर में उल्का गुप्ता स्कूटर पर आत्मविश्वास के साथ अपनी ही बारात का नेतृत्व करती नजर आ रही हैं, जो पारंपरिक धारणा से हटकर एक अलग कहानी की ओर संकेत देता है, जिसमें एक युवती अपने जीवन के निर्णय स्वयं लेती दिखाई देती है।
पोस्टर में उल्का के साथ सुनीता राजवर और जरीना वहाब भी मुस्कुराते हुए नजर आ रही हैं, जबकि अश्वथ भट्ट पुलिस अधिकारी की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं। विवाह से जुड़ा रंगीन माहौल और पृष्ठभूमि में चल रही तैयारियां पोस्टर को पूरी तरह से एक फिल्मी अंदाज प्रदान करती हैं। इस फिल्म में कनिष्क विजय भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्म के निर्देशक आदित्य अमन का कहना है कि ‘रजनी की बारात’ केवल विवाह की कहानी नहीं है, बल्कि यह समाज की पुरानी सोच को चुनौती देने वाली कथा है। वहीं निर्माताओं तनाया आडारकर प्रभु और तेज एच आडारकर का मानना है कि यह फिल्म नई पीढ़ी को एक भावनात्मक और मनोरंजक कहानी से जोड़ने का प्रयास करेगी।
उल्का गुप्ता ने भी कहा कि रजनी का किरदार उनके लिए बेहद खास है और उनके दिल के करीब है। एपिफनी एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह फिल्म 29 मई 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।






.jpg)





