इंदौर, 21 अप्रैल
इंदौर में मंगलवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना चिकित्सक के संचालित एक अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन को सील कर दिया। यह कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर की गई। संबंधित मशीन पीसी डायग्नोस्टिक सॉल्यूशन केंद्र की बताई गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्वहारा नगर स्थित पीसी डायग्नोस्टिक सॉल्यूशन केंद्र का एक दल बनाकर निरीक्षण कराया गया था। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि केंद्र पर केवल एक ही पंजीकृत चिकित्सक डॉ. रिंकू मीणा एमडी रेडियोलॉजिस्ट दर्ज थे, किंतु जांच में यह तथ्य सामने आया कि वे बंधपत्र चिकित्सक हैं और वर्तमान में एमवाय अस्पताल में सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित चिकित्सक को निजी केंद्रों पर बिना सक्षम अनुमति कार्य करने के लिए नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद से वे उक्त केंद्र पर कार्यरत नहीं थे।
स्थिति की समीक्षा के बाद यह स्पष्ट हुआ कि बिना योग्य चिकित्सक के अल्ट्रासोनोग्राफी संचालन करना पीसी-पीएनडीटी नियमों के तहत संभव नहीं है। इसी आधार पर संबंधित केंद्र की अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन को सील करने की कार्रवाई की गई।










