उमरिया, 19 मई ।
मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में कलेक्टर राखी सहाय के पदभार संभालने के बाद जनसुनवाई व्यवस्था में कई नए बदलाव देखने को मिल रहे हैं। प्रशासन की ओर से की गई बेहतर व्यवस्थाओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के चलते हर सप्ताह जनसुनवाई में पहुंचने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नागरिकों के लिए बैठने, पेयजल और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डॉक्टर और दवाओं की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही इस सप्ताह से एक कंप्यूटर ऑपरेटर की तैनाती की गई है, ताकि जरूरतमंद लोग अपने आवेदन नि:शुल्क टाइप करा सकें।
जनसुनवाई कक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं। कलेक्टर राखी सहाय स्वयं आवेदकों की समस्याएं सुन रही हैं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। कई मामलों में तत्काल समाधान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में बीपीएल कार्ड में नाम नहीं जुड़ने की शिकायत सामने आने पर कलेक्टर ने सहायक खाद्य अधिकारी जागृति प्रजापति को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रखने पर जोर दिया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजना के बावजूद पानी नहीं मिलने की शिकायतों को भी गंभीरता से लिया गया। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से जवाब तलब करते हुए गर्मी को देखते हुए जल्द जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर राखी सहाय ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जनसुनवाई में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन का प्रयास है कि अधिकतर शिकायतों का समाधान मौके पर ही हो, जबकि जटिल मामलों में समय-सीमा तय कर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
जनसुनवाई में पहुंचे लोगों का कहना है कि अब उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है, जिससे समाधान की उम्मीद बढ़ी है। जिले में प्रशासन की इस कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा भी तेज हो रही है।




.jpg)

.jpg)







