नई दिल्ली, 28 अप्रैल।
वैश्विक बाजारों से आज मिले-जुले संकेत सामने आए हैं। अमेरिकी बाजारों में पिछले कारोबारी सत्र के दौरान मिश्रित रुख देखने को मिला, वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में आज बढ़त का रुख बना हुआ है। यूरोपीय बाजारों में पिछले सत्र के दौरान दबाव का माहौल बना रहा, जबकि एशियाई बाजारों में आज उतार-चढ़ाव के बीच मिला-जुला कारोबार देखने को मिल रहा है।
अमेरिकी शेयर बाजार पिछला सत्र मिश्रित प्रदर्शन के साथ बंद हुआ। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 62.67 अंक यानी 0.13 प्रतिशत गिरकर 49,168.04 अंक पर बंद हुआ। इसके विपरीत एस एंड पी 500 इंडेक्स में 0.12 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई और यह 7,173.91 अंक पर बंद हुआ। नैस्डेक में भी मजबूती देखने को मिली और यह 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,887.10 अंक के स्तर पर पहुंचकर बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स फिलहाल 0.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 49,243.41 अंक के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दे रहा है।
यूरोप के बाजारों में पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ 10,321.09 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स 0.20 प्रतिशत टूटकर 8,141.92 अंक पर आ गया। डीएएक्स इंडेक्स भी 0.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,083.53 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में आज मिश्रित रुझान बना हुआ है। क्षेत्र के नौ प्रमुख बाजारों में से पांच सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, वहीं चार सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में बने हुए हैं।
स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.26 प्रतिशत की मजबूती के साथ 4,905.58 अंक पर कारोबार कर रहा है। ताइवान वेटेड इंडेक्स 145.56 अंक यानी 0.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ 39,762.19 अंक पर पहुंच गया है। कोस्पी इंडेक्स में भी उल्लेखनीय उछाल देखा गया और यह 1.04 प्रतिशत बढ़कर 6,684.29 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,481.58 अंक पर कारोबार कर रहा है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,010.50 अंक पर कारोबार कर रहा है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.79 प्रतिशत टूटकर 7,050.66 अंक पर आ गया है। निक्केई इंडेक्स 473.36 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 60,064 अंक पर, हैंग सेंग इंडेक्स 187.65 अंक यानी 0.72 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,738 अंक पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.07 प्रतिशत फिसलकर 4,083.47 अंक पर कारोबार करते नजर आ रहे हैं।













