सूरत, 01 मई
गुजरात के सूरत में शुक्रवार को वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन का भव्य आगाज हुआ। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ओरो विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित क्षेत्रीय प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी में राज्य के औद्योगिक विकास, कृषि प्रगति, हरित ऊर्जा और सेवा क्षेत्र की उल्लेखनीय उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
मुख्यमंत्री पटेल ने विभिन्न मंडपों और स्टॉलों का भ्रमण कर उद्योगपतियों और नवउद्यमी प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने नई तकनीकों, हरित ऊर्जा परियोजनाओं और आधुनिक कृषि पद्धतियों की विस्तृत जानकारी ली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात देश का विकास इंजन बनकर उभर रहा है और इस प्रकार के क्षेत्रीय सम्मेलन राज्य के समग्र विकास को गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल का मूल उद्देश्य राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में विद्यमान विकास की संभावनाओं को प्रोत्साहित करना है।
यह दो दिवसीय सम्मेलन दक्षिण गुजरात के छह जिलों के प्रतिनिधियों की सहभागिता से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें उद्योग, कृषि और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोग सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन का प्रमुख लक्ष्य क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना, निवेश आकर्षित करना और रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करना है।
प्रदर्शनी को औद्योगिक एवं विनिर्माण, हरित ऊर्जा एवं टिकाऊ विकास, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण तथा सेवा क्षेत्र जैसे प्रमुख खंडों में विभाजित किया गया है। सौर एवं पवन ऊर्जा परियोजनाएं आकर्षण का विशेष केंद्र रहीं। कृषि विविधता को प्रदर्शित करने के लिए आम महोत्सव भी आयोजित किया गया, जिसमें दक्षिण गुजरात की विभिन्न आम की किस्मों को प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री ने व्यापार मेले का भी शुभारंभ किया और इसे राज्य के संतुलित एवं समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटील, राज्य मंत्री हर्ष संघवी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि तथा देश-विदेश से आए अतिथि उपस्थित रहे।











