राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक खाली प्लॉट में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सिर और चेहरे को कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद ने बताया कि बिजनौर थाना क्षेत्र के अशरफ नगर के पास गांव के बाहर झील किनारे स्थित एक खाली प्लॉट में सुबह एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। पुलिस ने मृतक की पहचान अशरफ नगर निवासी सूरज गौतम के रूप में की है, जो पीजीआई अस्पताल में संविदा पर सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त दक्षिणी और सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सूरज रात करीब 8:30 बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह कुछ देर में वापस लौट आएगा, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। देर रात जब परिजनों ने उसका मोबाइल फोन मिलाया तो वह बंद मिला, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक ईंट मिली है, जिस पर खून के निशान पाए गए हैं। इसे महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। पुलिस अब सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।












.jpg)