थाना मौदहा क्षेत्र में बाजार से युवती के अपहरण का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने दो नामजद युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना उस समय हुई जब युवती ज्वेलरी खरीदने के लिए बाजार गई थी और वहीं से उसे कार में जबरन अगवा कर लिया गया।
पीड़ित पिता इस्लाम खां ने कोतवाली में दी गई शिकायत में बताया कि उनकी पुत्री मन्तशा शनिवार को सुनारों वाली गली स्थित बाजार में गई थी, तभी केडीए कानपुर निवासी नवनीत सिंह यादव और अंकित नाम के दो युवकों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और वहां से ले गए।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपियों ने कार में युवती का मुंह दबाकर उसे बैठाया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार घटना के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन से भी आरोपियों की पहचान की जा सकती है।
परिजनों ने यह भी आशंका जताई है कि युवती अपने साथ दो सोने की चेन और एक लाख रुपये नकद भी लेकर गई थी। इस पूरे मामले को लेकर परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका भी जताई है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



.jpg)

.jpg)






