इंफाल, 11 मार्च।
मणिपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ राज्य सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग क्षेत्रों में 35 एकड़ अफीम की खेती को नष्ट किया। यह कार्रवाई मणिपुर पुलिस, एनसीबी और वन विभाग के संयुक्त प्रयासों से की गई।
कांगपोकपी जिले के साइकुल थानांतर्गत टिंगपिबुंग गांव और लेपलेन गांव के बीच लगभग 10 एकड़ में फैली अफीम की खेती को नष्ट किया गया। इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया।
उखरुल जिले के लिटान थानांतर्गत सिनाकेइथेई इलाके में लगभग 25 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती को भी नष्ट किया गया।
इसी बीच मणिपुर पुलिस ने हिंगांग थाने के मंत्रीपुखरी इलाके से प्रतिबंधित गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपितों की पहचान अरिबम मनीष (24), शाजाबम असलम खान (32) और दिनेश चिंगाखाम (24) के रूप में की गई है।
गिरफ्तार तस्करों के पास से एक चार-पहिया वाहन और लगभग 16.60 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उनसे सघन पूछताछ शुरू कर दी है।











