वाराणसी, 28 अप्रैल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को 6332 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने बनारस से पुणे (हडपसर) और अयोध्या से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) के लिए दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बरेका इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री ने रिमोट के माध्यम से कुल 163 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 1054.69 करोड़ रुपये की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 5277.39 करोड़ रुपये की 113 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
कार्यक्रम में ‘जनआक्रोश महिला सम्मेलन’ के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। इस आयोजन की विशेषता यह रही कि पहली बार महिलाओं ने जनसभा के संचालन और प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी भी संभाली।
प्रधानमंत्री खुली जीप में सभा स्थल पहुंचे और मातृशक्ति के बीच पहुंचकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि देश को विकसित बनाने की दिशा में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह शक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। मंच पर नए संसद भवन का चित्र भी प्रदर्शित किया गया तथा इस अवसर पर उन्हें राष्ट्रीय पक्षी मोर की प्रतिमा भेंट की गई।
इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने काशी से पुणे और अयोध्या से मुंबई के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारंभ भी किया। इन नई ट्रेनों से महाराष्ट्र के यात्रियों को काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या तक पहुंचने में आधुनिक और सुविधाजनक यात्रा विकल्प उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर राज्यपाल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ मंत्री एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।










