अनूपपुर, 27 अप्रैल।
अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पसला में पसला से हर्री फाटक जाने वाली अधूरी सड़क पर हुए दर्दनाक हादसे में एक किशोर की जान चली गई, जब उसकी बाइक की टक्कर बैलगाड़ी से हो गई।
जानकारी के अनुसार यह हादसा सोमवार सुबह सामने आया, जिसमें कर्राटोला निवासी अनूप सिंह के पुत्र समर सिंह मार्को की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर परिजनों को सौंप दिया गया तथा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
साथ मौजूद घायल किशोर उदयभान सिंह धुर्वे ने बताया कि रविवार शाम समर सिंह बाइक से लपटा गांव आया था, जहां से दोनों एक साथ पयारी गांव गए थे और फिर शाम को लौटते समय पसला से हर्री फाटक जाने वाली अधूरी सड़क का उपयोग करते हुए वे शॉर्टकट रास्ते से लौट रहे थे। इसी दौरान बनबंधा गांव के पास आगे चल रही बैलगाड़ी से बाइक की टक्कर हो गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े और समर सिंह की मौत हो गई।
घटना के बाद एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन पहुंचने पर ग्रामीणों ने उसे वापस लौटा दिया और सड़क की जर्जर स्थिति व ठेकेदार की लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई। बाद में डायल 112 की सहायता से घायल को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने समर सिंह को मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह सड़क लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही थी, लेकिन ठेकेदार द्वारा लगभग नौ माह पहले कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण स्थिति बेहद खराब हो गई है, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है और विभाग की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
परिजनों ने बताया कि समर सिंह ने दसवीं तक पढ़ाई पूरी कर नवोदय विद्यालय अमरकंटक में ग्यारहवीं कक्षा में प्रवेश लिया था और मार्च में घर आया हुआ था, वह परिवार का इकलौता पुत्र था।













