गुवाहाटी, 11 मई।
असम में नवनियुक्त मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 12 मई को होने वाले इस भव्य आयोजन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेताओं और उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
शपथ ग्रहण समारोह को व्यापक स्वरूप देने के लिए भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के शीर्ष नेताओं के साथ विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में 22 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा पंचायत स्तर तक निर्वाचित प्रतिनिधियों और भाजपा-राजग के बूथ अध्यक्षों को भी आमंत्रण भेजा गया है, ताकि कार्यक्रम में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
समारोह में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा, नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो, मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा और सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग सहित कई राज्यों के प्रमुख नेताओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ मंत्री भी कार्यक्रम का हिस्सा बन सकते हैं।
प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए खानापाड़ा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कामाख्या मंदिर से खानापाड़ा और बोरझाड़ हवाई अड्डे से कार्यक्रम स्थल तक सड़क मरम्मत, सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य लगातार जारी है।
उल्लेखनीय है कि रविवार को भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद केंद्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को विधायक दल का नेता चुना गया था। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
देर शाम राज्यपाल ने उन्हें राज्य का नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया। डॉ. हिमंत बिस्व सरमा मंगलवार दोपहर 12 बजे खानापाड़ा वेटरिनरी कॉलेज मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कार्यक्रम के लिए विशाल पंडाल तैयार किए जा रहे हैं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।



.jpg)

.jpg)




