गुवाहाटी, 26 मार्च।
असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की प्रक्रिया आज अंतिम दिन है। 126 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 23 मार्च को समाप्त हो गई थी। अब गुरूवार को शाम 3:00 बजे तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। इसके बाद प्रत्येक विधानसभा में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची तय हो जाएगी।
126 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 815 उम्मीदवारों ने 1,389 नामांकन पत्र दाखिल किए। जांच के बाद 789 उम्मीदवारों के नामांकन को वैध घोषित किया गया है, जो आगामी असम विधानसभा चुनाव में भाग लेंगे।
नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च को की गई थी, हालांकि बरपेटा (अनुसूचित जाति) और ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्रों के नामांकन की जांच अगले दिन सुबह 11 बजे तक स्थगित रखी गई थी। दोनों क्षेत्रों की जांच अब पूरी कर ली गई है।
ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र में दाखिल 10 नामांकन पत्रों में सभी को वैध घोषित किया गया, जबकि बरपेटा (अनुसूचित जाति) में एक नामांकन रद्द किया गया और तीन को वैध माना गया।
निर्वाचन आयोग ने 15 मार्च को असम विधानसभा चुनावों की तारीखें घोषित की थीं। अधिसूचना 16 मार्च को जारी की गई। मतदान 09 अप्रैल को होगा, मतगणना 04 मई को और पूरी चुनाव प्रक्रिया 06 मई 2026 से पहले पूरी की जाएगी।










