बलरामपुर, 26 मार्च 2026।
चैत्र नवरात्रि की अष्टमी पर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जिसमें हजारों भक्तों ने पूरे दिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मां महामाया मंदिर और पहाड़ी मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगीं। मंदिर के कपाट खुलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे और दिनभर दर्शन-पूजन का क्रम चलता रहा। मंदिर परिसर भक्ति और धार्मिक उत्साह से सराबोर नजर आया।
प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे। मंदिर परिसरों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया और प्रबंधन समितियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की।
पहाड़ी मंदिर में विशेष भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष एवं रामनवमी आयोजन समिति प्रमुख रमन अग्रवाल के नेतृत्व में 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। हालांकि कुछ स्थानों पर अव्यवस्थाएं भी देखी गईं, खासकर चारपहिया वाहनों के प्रवेश को लेकर।
निर्धारित पार्किंग होने के बावजूद कई वाहन सीधे मंदिर परिसर में पहुंचने की कोशिश करते नजर आए। इसके बावजूद प्रशासन और प्रबंधन की सक्रियता से पूरे दिन दर्शन-पूजन की प्रक्रिया व्यवस्थित और शांतिपूर्ण रूप से संचालित होती रही।












