बलिया, 11 मई।
पश्चिम बंगाल के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए से जुड़े बहुचर्चित हत्याकांड में बलिया जिले का भी संबंध सामने आया है। इस मामले में गड़वार थाना क्षेत्र के कुरेजी निवासी राज सिंह की गिरफ्तारी के बाद जिले में हलचल मच गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पश्चिम बंगाल पुलिस ने रविवार देर रात बलिया निवासी राज सिंह को अयोध्या से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह लखनऊ से वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वह लखनऊ में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।
राज सिंह के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित आनंद नगर मोहल्ले के आवास पर ताला लगा हुआ पाया गया है। आसपास के लोगों के अनुसार उनके परिजन पहले ही किसी अन्य स्थान पर चले गए हैं। पड़ोसियों ने बताया कि देर रात वाहनों की आवाज से उनकी नींद खुली थी, जिसके बाद कुछ लोग सादे कपड़ों में आए और पूछताछ कर वापस लौट गए। हालांकि स्थानीय लोग इस संबंध में अधिक जानकारी देने से बचते नजर आए।
बताया जा रहा है कि राज सिंह किसी स्थानीय राजनीतिक संरक्षण में रहता था और उस पर पूर्व में सदर कोतवाली क्षेत्र में एक अंडा विक्रेता को गोली मारने का भी आरोप लग चुका है। इस मामले में शहर कोतवाली निरीक्षक ने जानकारी होने से इनकार किया है, वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हुए हत्या मामले से जुड़े किसी भी गिरफ्तारी को लेकर स्थानीय पुलिस से कोई संपर्क नहीं किया गया है और उन्हें इसकी जानकारी केवल सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है।









