भोपाल, 27 अप्रैल,
आगामी जनगणना 2027 को लेकर भोपाल में प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 1 मई से 30 मई 2026 तक जिले में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का महत्वपूर्ण कार्य संपादित किया जाएगा।
यह कार्य भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत एक आवश्यक और निर्णायक चरण माना गया है, जिसे निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इस अवधि में कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
निर्देशों में यह भी कहा गया है कि यदि किसी विशेष परिस्थिति में अवकाश की आवश्यकता पड़ती है, तो संबंधित विभाग प्रमुख को कलेक्टर की पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी विभाग प्रमुखों, कार्यालय प्रमुखों और संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन हो, ताकि जनगणना संबंधी कार्य निर्धारित समय पर सुचारु रूप से पूर्ण किया जा सके।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।













