बस्ती, 27 अप्रैल
जनपद बस्ती में दलालों और विभागीय मिलीभगत के जरिए नियमों के विरुद्ध बड़ी संख्या में बनाए गए ड्राइविंग लाइसेंसों के मामले की जांच शुरू हो गई है। विभाग की ओर से ऐसे सभी चिन्हित ड्राइविंग लाइसेंस नंबरों की गहन जांच के आदेश जारी किए गए हैं और संबंधित कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी भी जुटाई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार संज्ञान में आए सभी ड्राइविंग लाइसेंस नंबरों की पड़ताल की जा रही है तथा पूरे प्रकरण में दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जांच में यह भी सामने आया है कि बस्ती में बड़े पैमाने पर नियम विरुद्ध तरीके से लाइसेंस तैयार किए गए हैं, जिनमें कुछ मामलों में अन्य स्थानों से बैकलॉग प्रविष्टि कराकर यहां लाइसेंस जारी कराए गए हैं।
विभागीय स्तर पर यह भी स्पष्ट किया गया है कि जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि इस पूरी प्रक्रिया में किन-किन लोगों की भूमिका रही है और किस स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत हुई है।
वहीं विभागीय कर्मचारी ने जानकारी दी कि जनवरी 2013 से पहले लाइसेंस मैनुअल रजिस्टर में दर्ज होकर बनाए जाते थे, जिसके बाद स्मार्ट कार्ड प्रणाली शुरू हुई और रिकॉर्ड कंप्यूटर पर रखा जाने लगा। वर्ष 2013 के बाद सभी लाइसेंस का रिकॉर्ड ऑनलाइन प्रणाली में सुरक्षित है, लेकिन इसके बावजूद मिलीभगत से बैकलॉग प्रविष्टि, पते में बदलाव और नवीनीकरण के जरिए कई अनियमितताएं की गईं।













