पटना, 04 मई
बिहार में सोमवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन जिलों में कुल 12 लोगों की मौत हो गई। इनमें पूर्वी चंपारण में 5, गया जी में 4 और औरंगाबाद में 3 लोगों की जान गई है।
इस घटना पर मुख्यमंत्री ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें।
पूर्वी चंपारण जिले में एक घंटे की बारिश ने भारी तबाही मचाई। मोतिहारी में आंधी-बारिश के बीच पांच लोगों की मौत हुई। सुगौली थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव में बगीचे में आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा घायल हुआ है। रामगढ़वा थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव में बिजली गिरने से ताड़ के पेड़ में आग लग गई और बाद में यह आग झोपड़ियों तक फैल गई, जिससे कई घर जलकर राख हो गए। इसी दौरान तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया। ढाका-मोतिहारी मार्ग पर पेड़ गिरने से ई-रिक्शा सवार दो लोगों की मौत हो गई।
गया जी जिले में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हुई। सभी किशोर उम्र के थे और आम चुनने के लिए घर से निकले थे, तभी अचानक मौसम बदलने और बिजली गिरने से यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।
औरंगाबाद जिले में भी वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में तीन बच्चों की मौत हो गई। जम्होर क्षेत्र में आठ वर्षीय बालक की मौत हुई, जबकि मदनपुर थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्चों ने आकाशीय बिजली की चपेट में आकर अपनी जान गंवा दी।





.jpg)

.jpg)
.jpg)



