गुवाहाटी, 04 मई।
असम विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह आठ बजे से सभी 126 सीटों पर मतगणना की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसके बाद पूरे राज्य के रूझान सामने आने लगे हैं और चुनावी तस्वीर स्पष्ट होती दिख रही है।
रूझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी लगभग 80 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर कुल 100 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि पार्टी के प्रमुख नेता भी विभिन्न क्षेत्रों में आगे नजर आ रहे हैं। राजधानी गुवाहाटी की सभी पांच सीटों पर भी पार्टी ने बढ़त बनाई हुई है।
वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस करीब 24 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि एआईयूडीएफ दो सीटों पर और राइजर दल एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है। दूसरी ओर भाजपा की सहयोगी बीपीएफ और अगप दोनों ही दस-दस सीटों पर आगे चल रहे हैं।
जोरहाट विधानसभा सीट पर 14 चरणों में से छह चरणों की मतगणना पूरी हो चुकी है, जिसमें असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई भाजपा उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी से पीछे चल रहे हैं। इस सीट पर गोस्वामी को 27903 मत मिले हैं, जबकि गौरव गोगोई को 18618 मत प्राप्त हुए हैं और अंतर 9285 मतों का बना हुआ है।
जालुकबारी विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा चुनाव लड़ रहे हैं, जहां कुल 18 चरणों में से तीन चरणों की मतगणना पूरी हो चुकी है। इस सीट पर मुख्यमंत्री को 18805 मत मिले हैं और वे कांग्रेस प्रत्याशी बिदिशा नेओग से 11939 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।



.jpg)

.jpg)



