कोलकाता, 09 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हैं। इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ‘खेला होबे’ नारे को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह नारा खेल भावना का नहीं बल्कि राजनीतिक संदेश का प्रतीक बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में खेलों के वास्तविक विकास की अनदेखी की जा रही है।
उत्तर बंगाल के दौरे पर पहुंचे नितिन नवीन ने गुरुवार को मालदा टाउन में खेल क्लबों और गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने युवाओं और खेल संगठनों के साथ संवाद करते हुए राज्य में खेल संरचना को लेकर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय ‘खेला होबे’ का नारा उछाला जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर खेलों के विकास के लिए कोई ठोस पहल दिखाई नहीं देती। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं का सही क्रियान्वयन नहीं हो रहा और मिलने वाली राशि का भी प्रभावी उपयोग नहीं किया जा रहा है।
नितिन नवीन ने कहा कि हरियाणा, गुजरात और बिहार जैसे राज्य खेल क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जबकि समृद्ध खेल परंपरा के बावजूद पश्चिम बंगाल पीछे छूटता जा रहा है। उन्होंने मोहन बागान जैसे ऐतिहासिक संस्थानों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में सरकार बदलने पर खेलों को नई पहचान दिलाई जाएगी।
उन्होंने युवाओं के लिए अपनी पार्टी की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि खेलों के साथ-साथ संस्कृति, कला, साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में भी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब देश फिट इंडिया अभियान को आगे बढ़ा रहा है, तब राज्य सरकार अलग रुख अपनाए हुए है और घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि इसे रोका जाना जरूरी है।
नितिन नवीन ने कहा कि भारत 2030 के राष्ट्रमंडल खेल और 2036 के ओलंपिक की मेजबानी के प्रयास में है। यदि राज्य में दोहरे इंजन की सरकार बनती है तो युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उद्योगों के कमजोर होने से खेलों में कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत होने वाला निवेश भी घटा है। अंत में उन्होंने कहा कि ‘खेला होबे’ वास्तव में चुनावी राजनीति का संकेत बन चुका है, जो स्वस्थ खेल वातावरण के अनुकूल नहीं है।











.jpg)

