09 अप्रैल, हल्दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता से भाजपा की विजय के लिए समर्थन मांगा। हल्दिया में आयोजित जनसभा के दौरान उन्होंने कहा कि यह चुनाव सामान्य नहीं है, बल्कि यह बंगाल के गौरव और विकास की नींव मजबूत करने का अवसर है। उनका कहना था कि इस चुनाव का पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम राज्य में वर्तमान सरकार की विदाई होगा। सभा में पीएम मोदी ने स्वतंत्रता सेनानी सतीश चंद्र सामंता को याद करते हुए बंगाल की जनता के लिए 6 प्रमुख गारंटियां भी पेश कीं।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “सतीश चंद्र सामंता ने स्वतंत्रता संग्राम के समय अंग्रेजों की सत्ता को चुनौती दी थी। आज मैं इसी धरती से पश्चिम बंगाल को 6 गारंटियां देता हूं। पहली गारंटी – भाजपा सरकार भय की जगह भरोसा कायम करेगी और कानून का सम्मान लौटाएगी। दूसरी गारंटी – सरकारी तंत्र जनता की सेवा के लिए पूरी तरह जवाबदेह होगा। तीसरी गारंटी – हर घोटाले, बेटियों के खिलाफ अन्याय और हर रेप मामले की जांच होगी।”
चौथी गारंटी में उन्होंने कहा कि टीएमसी शासन में करप्शन करने वालों के खिलाफ कानून कार्रवाई करेगा। चाहे वे मंत्री हों या पार्टी कार्यकर्ता, कोई भी कानून से बच नहीं पाएगा। टीएमसी को जनता के धन का दुरुपयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पांचवीं गारंटी में पीएम मोदी ने कहा कि शरणार्थियों को संविधान के तहत अधिकार मिलेंगे, लेकिन घुसपैठियों को राज्य में रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी। छठी गारंटी में उन्होंने कहा कि राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों और अन्य सेवाकर्मियों के लिए भाजपा सरकार आते ही 7वें वेतन आयोग को लागू किया जाएगा।
पीएम मोदी ने बंगाल की जनता से अपील की कि इन्हीं गारंटियों को ध्यान में रखते हुए 23 अप्रैल को भारी मतदान करें और हर बूथ पर भाजपा के उम्मीदवारों को विजयी बनाएं। उन्होंने कहा, “हमारा मंत्र ‘सबका साथ-सबका विकास’ है और हम इसके लिए प्रतिबद्ध हैं। बंगाल में हम सुनिश्चित करेंगे कि विकास के साथ-साथ भ्रष्टाचार और लूट का भी हिसाब होगा।”
रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल ने इस बार हर चुनौती को पार करने का निर्णय लिया है। भाजपा की जीत इस उत्साह और उमंग में दिखाई देगी। यह परिवर्तन की लहर है और टीएमसी की वर्तमान सरकार के जाने का संकेत है।


_(1).jpg)



.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)