भोपाल, 14 अप्रैल।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को त्वरित तथा सुलभ स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘सेवा प्रकल्प’ का शुभारंभ मंगलवार शाम 5 बजे किया जाएगा। इस पहल की शुरुआत भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा की जा रही है। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल तथा उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल द्वारा किया जाएगा। यह आयोजन संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर किया जा रहा है।
‘सेवा प्रकल्प’ के तहत दो मोबाइल नंबर 9203597200 और 9203697200 जारी किए जाएंगे, जिन पर संपर्क कर कार्यकर्ता और उनके परिवारजन स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकेंगे। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल सिंह बघेल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य “हर व्यक्ति स्वस्थ, सशक्त संगठन” की भावना को मजबूत करना है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प को आगे बढ़ाएगा।
इस व्यवस्था के माध्यम से जरूरतमंद कार्यकर्ताओं को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा मुख्यमंत्री सहायता कोष एवं स्वेच्छा अनुदान के जरिए आर्थिक सहयोग की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा। प्रदेश कार्यालय में एक विशेष कक्ष भी स्थापित किया गया है, जहां अनुभवी चिकित्सक स्वास्थ्य परामर्श और प्राथमिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना, राहगीर सहित अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी और उनके क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं के समाधान की व्यवस्था भी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर रक्तदान और सेवा टीम को भी सक्रिय किया जाएगा ताकि आपात स्थिति में सहायता मिल सके।
आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया गया है, जिसके तहत आवेदन पत्र, मेडिकल प्रमाण, अनुमानित उपचार खर्च, आय और पहचान पत्र जैसे दस्तावेजों के आधार पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, हृदय और किडनी रोगों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस पूरे प्रकल्प का संचालन समन्वय के साथ किया जाएगा और सभी आवेदनों का रिकॉर्ड एवं ट्रैकिंग सुनिश्चित होगी। योजना की जानकारी बूथ स्तर तक सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, प्रिंट मीडिया और बैठकों के माध्यम से पहुंचाई जाएगी तथा जल्द ही इसके लिए मोबाइल एप भी लॉन्च करने की तैयारी है।






.jpg)
.jpg)



.jpg)
