किशनगंज, 14 मई।
गलगलिया थाना क्षेत्र में एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर, भारतीय व विदेशी मुद्रा सहित भारी नकदी बरामद की है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पूरे मामले को अंतरराज्यीय नशीले पदार्थों के नेटवर्क से जोड़कर जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर नेंगडाडुबा गांव में रहने वाले 48 वर्षीय चान मोहम्मद के घर पर छापेमारी की गई। यह कार्रवाई एसएसबी भातगांव, एसएसबी नेमुगुड़ी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
छापेमारी के दौरान घर से 120 ग्राम ब्राउन शुगर, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके साथ ही पुलिस ने 7 लाख 76 हजार 500 रुपये भारतीय मुद्रा और 1 लाख 28 हजार रुपये नेपाली मुद्रा भी जब्त की।
इसके अलावा विभिन्न देशों की विदेशी मुद्रा भी मिली है, जिनमें कतर के 27 नोट, मलेशिया का एक नोट, चीन के 10 नोट और सऊदी अरब के 12 नोट शामिल हैं।
बरामद विदेशी मुद्रा को लेकर जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि जब्त ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
कार्रवाई के बाद आरोपी चान मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में और कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।
मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस संयुक्त अभियान में कई पुलिस व एसएसबी अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













