राजगढ़, 30 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई और 27 लोग घायल हो गए। घायलों में आठ की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मुरैना की धर्मेंद्र ट्रेवल्स की यह बस रछेड़ गांव से उज्जैन में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने जा रही थी। बस में लगभग 70 यात्री सवार थे। सुबह करीब छह बजे काचरी जोड़ के पास चालक को नींद की झपकी आने से बस नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस कई बार पलटती हुई लगभग 12 मीटर तक दूसरी लेन तक पहुंच गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद कई यात्री सीटों के नीचे दब गए, जबकि कुछ लोग खिड़कियों से बाहर जा गिरे।
हादसे में अंशु उर्फ विष्णु तोमर (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अभय तोमर (24) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दूल्हे की दादी बिटोली देवी (60) गंभीर रूप से घायल थीं, जिनका पैर हादसे में कटकर दूर जा गिरा और इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सभी घायलों को तत्काल ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आठ गंभीर घायलों को अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है। घायलों में महिलाएं, बुजुर्ग और तीन से नौ वर्ष की आयु के बच्चे भी शामिल हैं।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हुआ और राज्यमंत्री नारायण सिंह पवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे तथा थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ सहित अधिकारी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इस हादसे ने शादी की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है।



.jpg)


.jpg)





