नई दिल्ली, 10 अप्रैल।
साइप्रस में आयोजित फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026 के दसवें दौर में ओपन सेक्शन में जावोखिर सिंदारोव ने आर. प्रज्ञानानंद को पराजित कर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। इस जीत के साथ सिंदारोव 8 अंकों के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं और उन्होंने प्रज्ञानानंद के खिलाफ दूसरी बार सफलता हासिल की।
मैच की शुरुआत में प्रज्ञानानंद ने संतुलित प्रदर्शन किया, लेकिन 22वीं चाल पर उनकी गलती (Bd7) निर्णायक साबित हुई। इसके बाद सिंदारोव ने 23. Rf7 के जरिए आक्रामक रुख अपनाया और सटीक चालों से स्थिति पूरी तरह अपने पक्ष में कर ली, जिसके बाद प्रज्ञानानंद को हार स्वीकार करनी पड़ी।
अन्य मुकाबलों में अनीश गिरी और हिकारू नाकामुरा के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ, जिससे सिंदारोव को बढ़त मिल गई। इसी तरह आंद्रेई एसिपेंको बनाम मथियास ब्लूबाउम और फाबियानो कारुआना बनाम वेई यी के मुकाबले भी ड्रॉ रहे।
महिला वर्ग में आर. वैशाली ने अन्ना मुजिचुक के खिलाफ संयमित खेल दिखाते हुए मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त किया और 6 अंकों के साथ बढ़त हासिल की। उन्होंने विरोधी के हमलों को सफलतापूर्वक रोका और अंतिम स्थिति संतुलित रखी।
दिव्या देशमुख को एक लगभग जीती हुई बाजी में हार का सामना करना पड़ा, जब समय दबाव में हुई गलती का फायदा अलेक्जेंड्रा गोऱ्याचकिना ने उठाकर जीत दर्ज की।
अन्य मुकाबलों में कातेरिना लाग्नो और तान झोंगयी की बाजी बराबर रही, जबकि बिबिसारा अस्साउबायेवा ने झू जिनर को मात दी।


.jpg)


.jpg)


.jpg)


