मालदा, 09 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल की वर्तमान सरकार पर प्रहार करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन की आवश्यकता बताई। गुरुवार को ओल्ड मालदा में आयोजित संगठनात्मक बैठक में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर तीखे आरोप लगाए और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि तृणमूल शासन के दौरान ‘मां, माटी, मानुष’ की अवधारणा प्रभावित हुई है और प्रदेश के तीनों ही आधार संकट का सामना कर रहे हैं। उनके अनुसार राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं, भूमि पर अवैध कब्जों की घटनाएं बढ़ रही हैं और आम जनता बेरोजगारी की समस्या से जूझ रही है।
औद्योगिक स्थिति को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि जो बंगाल कभी औद्योगिक रूप से समृद्ध माना जाता था, वह अब उद्योगों की कमी से जूझ रहा है। युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं मिल पा रहा है और लोगों की निर्भरता सरकारी योजनाओं और भत्तों पर बढ़ती जा रही है।
कला, संस्कृति और खेल क्षेत्र को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि इन क्षेत्रों में अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व को मजबूत करने पर जोर देते हुए राज्य में ‘डबल इंजन’ सरकार बनाने की अपील की और कहा कि विकसित बंगाल के लिए सत्ता परिवर्तन आवश्यक है।
इस दौरान बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। नितिन नवीन ने उन्हें निर्देश दिया कि वे तृणमूल सरकार के खिलाफ अपने आंदोलन को जिलेभर में और तेज करें।











.jpg)

