वाराणसी, 28 अप्रैल
वाराणसी जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घमहापुर के पास रविवार देर शाम एक सड़क दुर्घटना के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए, जब सड़क किनारे बर्तन धो रही एक महिला को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद स्थिति ने हिंसक रूप ले लिया।
घटना के बाद आक्रोशित महिला के परिजनों ने कार चालक पर हमला कर दिया और उसे बेरहमी से पीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। सोमवार को पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर लगातार गश्त की गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम घमहापुर निवासी बिंदू देवी रविवार देर शाम सड़क किनारे बर्तन धो रही थीं, तभी गांव का ही मनीष सिंह अपनी कार से घर लौट रहा था। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर बिंदू देवी को टक्कर मार गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे से आक्रोशित परिजनों ने कार चालक मनीष सिंह को मौके पर ही पकड़कर बुरी तरह पीटा। बाद में उसके परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायल अवस्था में उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मनीष की मौत के बाद उसके परिजन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गांव पहुंचे।
पुलिस कार्यालय के अनुसार मृतक के परिजनों की तहरीर पर फूलपुर थाने में आठ नामजद और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से दो आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि शेष की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच और फूलपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम लगातार दबिश दे रही है।












