महौबा, 29 अप्रैल
शादी से लौटती दो नाबालिग बालिकाओं के साथ पड़ोसी द्वारा रुपये का लालच देकर छेड़छाड़, मामला दर्ज
महौबा जनपद के कुलपहाड़ कस्बे के एक मोहल्ले में विवाह समारोह से भोजन करके लौट रही दो नाबालिग बालिकाओं के साथ पड़ोसी द्वारा 500 रुपये का प्रलोभन देकर अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बालिकाएं किसी तरह वहां से बचकर घर पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिजनों को दी।
बताया गया कि 12 वर्षीय बालिका अपनी 11 वर्षीय सहेली के साथ 25 अप्रैल की देर रात शादी से वापस लौट रही थी, तभी रास्ते में पड़ोस में रहने वाले हरी पेंटर ने उन्हें रोक लिया और अपनी गोद में बैठा लिया। इसके बाद उसने रुपये का लालच देकर अश्लील हरकतें शुरू कर दीं।
घटना से भयभीत दोनों बालिकाएं रोते हुए घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन आरोपित के घर उलाहना देने पहुंचे, जहां वह गाली-गलौज पर उतर आया। स्थिति बिगड़ने पर डायल 112 को सूचना दी गई।
आरोप है कि इसके बाद आरोपित के पुत्र बच्चू और पत्नी विद्या ने भी परिजनों को जान से मारने की धमकी दी और कहा कि पुलिस को सूचना देने पर पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हरी पेंटर, बच्चू और विद्या के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



.jpg)





.jpg)



