कोलकाता, 29 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान राजधानी कोलकाता के विभिन्न हिस्सों से तनावपूर्ण हालात की सूचनाएं सामने आई हैं। भवानीपुर क्षेत्र में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी और निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भाई कार्तिक बनर्जी को चेतावनी दी। जानकारी के अनुसार वे मतदान केंद्र के पास कुछ लोगों के साथ बैठे हुए थे, जिस पर पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए स्पष्ट किया कि चार से अधिक लोगों के एकत्र होने की अनुमति नहीं है और इस दौरान उन्हें सावधान किया गया।
इसी बीच भवानीपुर से सटे रासबिहारी विधानसभा क्षेत्र में सुबह से ही तनावपूर्ण माहौल देखा गया। आरोप है कि कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को बूथ के भीतर प्रवेश से रोका जा रहा है। यह भी दावा किया गया है कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता और समर्थक वहां दबाव बना रहे हैं, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई है।
रासबिहारी सीट से कांग्रेस ने आशुतोष चट्टोपाध्याय को उम्मीदवार बनाया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस की ओर से देवाशीष कुमार चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने यहां पूर्व पत्रकार स्वपन दासगुप्ता को उम्मीदवार घोषित किया है, वहीं वाम मोर्चा की ओर से सीपीआई (एमएल) लिबरेशन के मानस घोष चुनाव लड़ रहे हैं।
इसके अलावा दमदम और न्यूटाउन क्षेत्रों से भी मतदान प्रक्रिया में देरी और तकनीकी गड़बड़ियों की शिकायतें मिली हैं। उत्तर दमदम के बूथ नंबर 207 पर तृणमूल कांग्रेस के बटन पर स्याही लगे होने का आरोप सामने आया है, जबकि बूथ नंबर 10 पर मॉक पोलिंग के दौरान ईवीएम में खराबी की शिकायत दर्ज की गई।
राजारहाट-न्यूटाउन विधानसभा क्षेत्र के आदित्य अकादमी स्थित बूथ नंबर 22 पर भी सुबह सात बजे निर्धारित समय पर मतदान शुरू नहीं हो सका, जिससे असंतोष की स्थिति बनी। इस पर भाजपा उम्मीदवार पीयूष कनोड़िया ने आपत्ति जताई।
कुल मिलाकर दूसरे चरण के मतदान के दौरान कई स्थानों पर तनाव, आरोप-प्रत्यारोप और तकनीकी समस्याएं देखने को मिली हैं, हालांकि प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है।






.jpg)






